सिद्धार्थनगर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कलेक्ट्रेट भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 9 बजे जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक राष्ट्रगान गाया।
ध्वजारोहण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) डॉ. ज्ञानप्रकाश समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर रघुवर प्रसाद जायसवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को याद किया। उन्होंने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए लोगों से अपने आसपास साफ-सफाई रखने और आने वाली पीढ़ी को महापुरुषों के आदर्शों से परिचित कराने की अपील की।
अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश को दिशा दी और उनके विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने दोनों महापुरुषों के जीवन से ईमानदारी और अनुशासन की सीख लेने की बात कही।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) डॉ. ज्ञानप्रकाश ने लाल बहादुर शास्त्री की सादगी और महात्मा गांधी के सत्य एवं अहिंसा के सिद्धांतों को याद किया। अधिवक्ता सत्यदेव सिंह समेत अन्य लोगों ने भी महापुरुषों के योगदान पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन प्रेमसागर चौधरी ने किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट के अधिकारी, कर्मचारी और अन्य लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर: प्रदीप शर्मा
AR7 NEWS | सिद्धार्थनगर









