महराजगंज। साइबर फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना चौक पुलिस और साइबर सेल ने एक पीड़ित के खाते में ₹5,597 की धनराशि वापस कराने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में की गई।
जानकारी के अनुसार थाना चौक क्षेत्र के जगपुर उर्फ सलामतगढ़ निवासी शैलेश कुमार मौर्या पुत्र घिसियावन साइबर फ्रॉड के शिकार हो गए थे। घटना के बाद पीड़ित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का नंबर 33102260030773 है।
शिकायत प्राप्त होने के बाद थाना चौक साइबर सेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई शुरू की। साइबर सेल द्वारा MRM PORTAL के माध्यम से संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया गया। इसके बाद साइबर फ्रॉड से संबंधित धनराशि को होल्ड कराने और पीड़ित को वापस दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
साइबर सेल के प्रयासों के बाद 23 सितंबर 2026 को पीड़ित शैलेश कुमार मौर्या के बैंक खाते में ₹5,597 की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है।
पुलिस के अनुसार, इसी शिकायत में इससे पहले भी ₹4,603 की धनराशि वापस कराई जा चुकी है। इस प्रकार अब तक पीड़ित को कुल ₹10,200 की धनराशि वापस कराई जा चुकी है।
महराजगंज पुलिस ने नागरिकों से साइबर अपराध होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है, ताकि समय रहते संबंधित बैंक और एजेंसियों से समन्वय कर ठगी की रकम को वापस कराने की कार्रवाई की जा सके।









