सहारनपुर के जिला महिला अस्पताल में 12 घंटे के नवजात बच्चे के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि एक संदिग्ध महिला टीका लगवाने के बहाने बच्चे के पिता के पास पहुंची और बच्चे को अपनी गोद में ले लिया। इसके बाद महिला ने बच्चे के पिता से टीके का कार्ड लाने के लिए कहा।
पिता जब टीके का कार्ड लेने के लिए वहां से गए और कुछ देर बाद वापस लौटे तो महिला और नवजात दोनों मौके से गायब थे। काफी तलाश करने के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो अस्पताल प्रशासन और पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही जनकपुरी थाना पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें सफेद कपड़ों में एक संदिग्ध महिला नवजात बच्चे को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दे रही है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान और उसकी तलाश में जुटी है।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि नवजात की बरामदगी और संदिग्ध महिला की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई हैं।
रिपोर्ट: काशिफ खान









