सड़क किनारे बेतरतीब खड़े ट्रकों पर महराजगंज पुलिस की कार्रवाई, 60 स्थानों पर 78 ट्रकों का चालान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क पर आवागमन में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध महराजगंज पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में सड़क किनारे बेतरतीब एवं गलत तरीके से खड़े ट्रकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में ऐसे स्थानों को चिन्हित कर सघन चेकिंग की, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रकों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा था। चेकिंग के दौरान कुल 60 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 78 ट्रकों का चालान किया गया।

पुलिस के अनुसार, सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से अन्य वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले ट्रक चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट, 1988 की सुसंगत धाराओं के तहत चालान की कार्रवाई की गई।

इसके साथ ही पुलिस टीमों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क पर निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान के अलावा ट्रक खड़ा नहीं करने के संबंध में जागरूक किया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क पर वाहनों की अनियमित पार्किंग से आमजन को परेशानी न हो, इसके लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

महराजगंज पुलिस का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सड़क पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करना, यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखना तथा आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देना है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]