श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए तीन दिवसीय शिविर, 190 श्रमिकों की हुई जांच

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाराबंकी में श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर श्रम विभाग की ओर से तीन दिवसीय स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। 6 से 8 अक्टूबर तक जिले के अलग-अलग औद्योगिक प्रतिष्ठानों में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में कुल 190 श्रमिकों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया।

अभियान की शुरुआत 6 अक्टूबर को रिलायंस इंडस्ट्रीज में आयोजित स्वास्थ्य शिविर से हुई। यहां करीब 80 श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने श्रमिकों का परीक्षण करने के साथ उन्हें स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरी जानकारी और परामर्श दिया।

इसके बाद 7 अक्टूबर को देवा स्थित गणपति एग्रो में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया, जहां 50 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान जरूरत के अनुसार श्रमिकों को चिकित्सकीय सलाह और दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

वहीं, अभियान के अंतिम दिन 8 अक्टूबर को कुर्सी स्थित वीटाडे इंडस्ट्रीज में स्वास्थ्य सेवा शिविर का आयोजन किया गया। यहां 60 श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। श्रमिकों को स्वस्थ रहने, बीमारियों से बचाव और समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने को लेकर जागरूक किया गया।

श्रम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों के स्वास्थ्य और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए इस तरह के शिविर आगे भी आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य श्रमिकों को कार्यस्थल पर ही जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना है।

विभाग ने श्रमिकों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या को नजरअंदाज न करने की अपील की है।

रिपोर्ट — रवेंद्र वर्मा
स्थान — बाराबंकी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]