शाहजहांपुर। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए शाहजहांपुर जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो गया है। जिले में कुल 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4825 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा।
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रत्येक मतदान केंद्र पर एक पीठासीन अधिकारी, तीन मतदान अधिकारी और एक माइक्रो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
इस बार शिक्षक एमएलसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हरि सिंह ढिल्लों और समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हाजी दानिश अख्तर के बीच कड़ा मुकाबला होने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा 14 निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
मतदान को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मतदान केंद्रों पर चुनाव प्रक्रिया की निगरानी की जा रही है, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
चुनाव में भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है, हालांकि निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी मुकाबले को रोचक बना सकती है। मतदान संपन्न होने के बाद सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो जाएगी।
संवाददाता- धर्मेंद्र कुमार शर्मा









