कसया। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित कसया वृद्धाश्रम में गुरुवार को समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने वृद्धजनों का सम्मान करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में माता-पिता के ऋण से इस जन्म में मुक्ति संभव नहीं है। माता-पिता की सेवा करने का अवसर संतान के लिए सौभाग्य की बात है।
सांसद ने कहा कि जिन माता-पिता की संतान नहीं है या जिन्हें जीवन के इस पड़ाव पर सहारे की आवश्यकता है, उनके लिए वृद्धाश्रम जैसी संस्थाएं सराहनीय कार्य कर रही हैं। यहां निवास करने वाले प्रत्येक बुजुर्ग समाज के लिए माता-पिता के समान हैं और उनकी देखभाल करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम के लिए जल्द ही शासन स्तर से अपना भवन स्वीकृत कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बुजुर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण अधिकारी ने की। पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी और नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि राकेश जायसवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान वृद्धजनों को आवश्यक वस्तुएं वितरित कर उनका सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य शैलेन्द्र दत्त शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव, ओमप्रकाश वर्मा, सुमित त्रिपाठी, चमन यादव, धनंजय मणि त्रिपाठी, मिथिलेश शर्मा, पवन जायसवाल, अमेरिकन सिंह, राजेश मद्धेशिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









