वीरांगना अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त, आक्रोशित समाज ने दी आंदोलन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक संवेदनशील और तनावपूर्ण खबर सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित व्यस्त जेल चौराहे पर स्थापित स्वतंत्रता संग्राम की महान नायिका वीरांगना महारानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त कर दिया गया है। घटना की खबर फैलते ही संपूर्ण लोधी समाज में गहरा आक्रोश और गुस्सा व्याप्त हो गया है।

मंगलवार की सुबह जैसे ही लोगों ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा देखी, मौके पर भारी संख्या में लोधी समाज के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक एकत्र होने लगे। देखते ही देखते जेल चौराहे पर भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों ने घटना के विरोध में जमकर नारेबाजी की। इस दौरान यातायात भी बाधित हुआ।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सामाजिक नेता चंदन लोधी ने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा, अराजक तत्वों की यह हरकत लोधी समाज की आस्था पर चोट है। यदि पुलिस ने अगले 24 घंटों के भीतर दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया, तो समाज सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।

वहीं, नीटू लोधी राजपूत ने कहा कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना सीधे तौर पर लोधी समाज के सम्मान और गौरव पर हमला है, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जेल चौराहे पर लगी इस प्रतिमा का लोकार्पण प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने किया था, जिससे इस स्थान का विशेष महत्व है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। लोधी समाज के प्रतिनिधियों ने कोतवाली थाने में अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ लिखित तहरीर सौंपकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अराजक तत्वों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]