पटना में परिचारी संघ के हजारों अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, नियुक्ति की मांग पर अड़े आंदोलनकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पटना। राजधानी पटना के गांधी मैदान में मंगलवार को परिचारी संघ के हजारों अभ्यर्थियों ने नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ दंगा नियंत्रण बल और वाटर कैनन भी तैनात किए गए।

आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2023 में परिचारी पद के लिए आवेदन किया था और 2024 में परीक्षा भी दी, लेकिन अब तक नियुक्ति प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है। परिचारी संघ के मुताबिक करीब 9,799 पदों पर नियुक्ति का मामला लंबित है। अभ्यर्थियों की मांग है कि लंबित नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा कर उन्हें नियुक्ति दी जाए।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों के हाथों में तिरंगा नजर आया और वे अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे। संघ के अनुसार, पिछले करीब एक महीने से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन जारी है।

प्रदर्शन स्थल पर कुछ अभ्यर्थी आमरण अनशन पर भी बैठे हैं। आंदोलनकारियों का दावा है कि अनशन पर बैठे कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। इसके बाद उन्हें फोल्डिंग पर लेटाकर प्रदर्शन स्थल से बाहर लाया गया।

प्रदर्शनकारी मुख्यमंत्री आवास तक मार्च करना चाहते थे, लेकिन पुलिस द्वारा जेपी गोलंबर के पास रोके जाने के बाद मौके पर पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है। अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हैं और लंबित नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग कर रहे हैं।

रिपोर्ट : रमण कुमार, पटना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]