वाराणसी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आह्वान पर गुरुवार को सपा कार्यकर्ताओं ने वाराणसी जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह और सपा नेता रीबू श्रीवास्तव के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके पोस्टर का विरोध किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पोस्टर पर जूते और लाठियां बरसाईं और बाद में पोस्टर जलाकर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन को लेकर जिला मुख्यालय पर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।
सपा कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की, लेकिन कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे। इससे कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोकझोंक की भी स्थिति देखने को मिली।
सपा नेताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध जताया। सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी आवाज उठा रही है। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और अधिकारियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।









