ललितपुर में धूमधाम से हुआ दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन, नम आंखों से भक्तों ने दी मां को विदाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ललितपुर। नौ दिनों तक देवी पंडालों में विराजमान रहीं मां दुर्गा की प्रतिमाओं का ललितपुर में धूमधाम के साथ विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर से आगमन की कामना की। विसर्जन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता का माहौल देखने को मिला।

सदर कोतवाली क्षेत्र के गोविंद सागर बांध की तलहटी पर जिला प्रशासन और नगर पालिका प्रशासन की ओर से बनाए गए अस्थायी तालाब में देवी प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। विसर्जन स्थल पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। मां दुर्गा के जयकारों के बीच भक्तों ने विधि-विधान के साथ प्रतिमाओं को विदाई दी।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, शहर में करीब 130 से अधिक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाना है। बड़ी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए नगर पालिका की ओर से क्रेन मशीन की व्यवस्था की गई, जिससे प्रतिमाओं का विसर्जन व्यवस्थित तरीके से कराया जा रहा है।

वहीं, विसर्जन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की देखरेख में विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई जा रही है। मां दुर्गा की विदाई के दौरान श्रद्धालुओं ने अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की प्रार्थना की।

रिपोर्टर: राहुल साहू
स्थान: ललितपुर

और पढ़ें

[the_ad id="164"]