लखनऊ। नशे के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से राजधानी लखनऊ से राष्ट्रीय स्तर के अभियान की शुरुआत की गई। राष्ट्रीय एकता दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित ‘फाइट अगेंस्ट ड्रग्स’ मोटरसाइकिल रैली को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने पुलिस मुख्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह मोटरसाइकिल रैली लखनऊ से शुरू होकर आगरा, दिल्ली और जयपुर सहित विभिन्न शहरों से गुजरते हुए गुजरात के केवड़िया पहुंचेगी। वहां दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ पर रैली का समापन होगा।
रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के प्रति जागरूक करना है। साथ ही समाज में नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश देना है।
इस अवसर पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। अभियान के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
मोटरसाइकिल रैली विभिन्न शहरों में पहुंचकर नशा मुक्ति का संदेश प्रसारित करेगी। इस पहल से केंद्र सरकार के ‘नशा मुक्त भारत’ अभियान को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
आयोजकों का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनभागीदारी बढ़ाकर स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक समाज के निर्माण को प्रोत्साहित करना है।









