लकड़ी का काम करते समय सांप ने डंसा, मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। कसया थाना क्षेत्र के भैंसहीं गांव में मंगलवार को सर्पदंश से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। घर में लकड़ी का काम करने के दौरान सांप के डंसने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। वहां इमरजेंसी में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, भैंसहीं गांव निवासी शंभू शर्मा (55) मंगलवार को अपने घर में लकड़ी का काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने डंस लिया। सर्पदंश के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसया लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर, कुशीनगर के लिए रेफर कर दिया गया।

परिजनों के अनुसार, शंभू शर्मा को मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी तबीयत और बिगड़ गई। परिजन उन्हें लेकर मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

शंभू शर्मा की मौत से पत्नी इसरावती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके दो पुत्र प्रद्युम्न विश्वकर्मा (25) और संदीप (22) हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के मुताबिक परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है, जिससे उनकी चिंता और बढ़ गई है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और संवेदना व्यक्त की। अचानक हुई सर्पदंश की इस घटना से ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]