रायबरेली में सपाइयों का 2 दिन का संघर्ष खत्म, मजिस्ट्रेटीयल जांच के आश्वासन पर धरना समाप्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायबरेली। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का दो दिन से चल रहा धरना-प्रदर्शन जिलाधिकारी के मजिस्ट्रेटीयल जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। सोमवार को शहीद चौक पर धरना दे रहे सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।

सपा नेताओं का आरोप है कि बीते दिन धरना दे रहे कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस ने मारपीट की थी। इसी के विरोध में सपा कार्यकर्ता शहर कोतवाल शिव शंकर सिंह को हटाने और संबंधित मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद सपा नेताओं ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। वार्ता के दौरान जिलाधिकारी ने पूरे मामले की मजिस्ट्रेटीयल जांच कराने और जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया।

सपा विधायक राहुल लोधी और जिलाध्यक्ष बीरेंद्र यादव ने कहा कि यदि मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी दोबारा धरना-प्रदर्शन कर सकती है।

वहीं, आगामी 21 और 22 सितंबर को सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के रायबरेली आने की संभावना भी जताई जा रही है। ऐसे में मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियां आगे भी जारी रहने की संभावना है।

रिपोर्ट— मनीष अवस्थी, रायबरेली

और पढ़ें

[the_ad id="164"]