मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर एसडीएम ने की समीक्षा बैठक, बीएलओ को दिए सख्त निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

17 और 24 अक्टूबर को चलेगा विशेष अभियान, सुबह 10 से शाम 4 बजे तक बूथों पर मौजूद रहेंगे बीएलओ

कुशीनगर। जनपद के खड्डा तहसील में मतदाता सूची पुनरीक्षण एवं विशेष अभियान दिवस की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को उपजिलाधिकारी खड्डा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा क्षेत्र 329-खड्डा के सभी बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची में पंजीकरण से वंचित पात्र नागरिकों तथा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल कराना है। इसके लिए आगामी 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।

उपजिलाधिकारी ने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि विशेष अभियान के दौरान वे अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। इस दौरान उनके पास फॉर्म-6, अंतिम निर्वाचक नामावली सहित सभी आवश्यक प्रपत्र पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने चाहिए।

एसडीएम ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने तथा विशेष अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। उन्होंने सुपरवाइजरों और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) को नियमित निगरानी के निर्देश दिए।

बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान को सफल बनाने में सहयोग लेने पर चर्चा हुई।

इस अवसर पर बीईओ, बीडीओ, सीडीपीओ खड्डा, वीआरसी इस्तेयाक अली, राजन मद्धेशिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]