रक्षाबंधन सफर में दर्दनाक सड़क हादसा, दंपती घायल,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

तमकुहीराज थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर स्थित लतवा मुरलीधर के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे एक टैम्पू ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद टैम्पू चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घायलों की पहचान राजकुमार शर्मा (50 वर्ष), पुत्र जयश्री शर्मा, एवं उनकी पत्नी चम्पा देवी (48 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ग्राम राजापाकड़, थाना तुर्कपट्टी, जनपद कुशीनगर के निवासी हैं। बताया गया कि राजकुमार शर्मा अपनी पत्नी को रक्षाबंधन के अवसर पर उनकी ससुराल तरयासुजान लेकर जा रहे थे। इसी दौरान लतवा मुरलीधर के पास गलत दिशा से आ रहे टैम्पू ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

घटना की सूचना मिलते ही NHAI की एम्बुलेंस और स्वास्थ्य टीम मौके पर पहुंची तथा दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमकुहीराज पहुंचाया। यहां चिकित्सक डॉ. मजहर आलम और फार्मासिस्ट अनुराग सिंह ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।

चिकित्सकों के अनुसार चम्पा देवी का बायां पैर टूट गया है तथा शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। वहीं राजकुमार शर्मा का बायां पैर बुरी तरह जख्मी हो गया है और उनके सिर में भी गंभीर चोट लगी है। दोनों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे के बाद टैम्पू चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने के साथ फरार चालक की तलाश में जुट गई है। वहीं रक्षाबंधन के पर्व से पहले हुए इस हादसे से परिजनों में चिंता और मातम का माहौल है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]