रक्षाबंधन पर श्यामदेउरवा थाने में दिखा भाई-बहन का भावुक रिश्ता, पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज ;रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर थाना श्यामदेउरवा परिसर में भावुक और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्थानीय महिलाओं, युवतियों और बालिकाओं ने थाने में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कलाई पर राखी बांधी और उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अपने परिवार और परिजनों से दूर रहकर दिन-रात जनसेवा, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के लिए यह पल बेहद खास रहा। बहनों ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की भावना को मजबूत किया। पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस हमेशा तत्पर रहेगी।

इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और युवतियों को हर परिस्थिति में सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में आत्मीयता और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा सहित थाना परिवार के समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, अपनत्व एवं मजबूत संबंधों का संदेश देता नजर आया।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]