मैनपुरी। जनपद मैनपुरी में निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण और मतदान केंद्रों के भौतिक सत्यापन को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनपद में 16 से 18 अक्टूबर 2026 तक सभी मतदेय स्थलों का भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद 19 अक्टूबर को मतदेय स्थलों की आलेख्य सूची प्रकाशित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि एक अक्टूबर 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए 17 और 24 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इस दौरान पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकेंगी। इसके लिए निर्धारित फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 का उपयोग किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की सूची जल्द उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने बताया कि फिलहाल केवल भारतीय जनता पार्टी की ओर से बीएलए की सूची उपलब्ध कराई गई है।
जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी राजनीतिक दलों और पात्र मतदाताओं की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने नागरिकों से पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाने की अपील की।









