महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर हरदोई पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाहाबाद के ब्लॉक चौराहे पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
नाटक के जरिए घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने, बालिकाओं की शिक्षा और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया गया। पुलिसकर्मियों ने महिलाओं और बालिकाओं को बताया कि किसी भी तरह की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में वे पुलिस की सहायता ले सकती हैं। इसके साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में महिला सम्मान एवं सशक्तीकरण की भावना को मजबूत करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान शाहाबाद के क्षेत्राधिकारी संतोष सिंह, कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार राय और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को महिला सुरक्षा और जागरूकता का संदेश दिया गया।









