गोरखपुर। आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न होने देने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटिल, एसपी नॉर्थ राजेश घुनावत, एसपी साउथ दिनेश पुरी, एसपी यातायात अमित कुमार श्रीवास्तव समेत सभी सर्किल के क्षेत्राधिकारी और शहर के सभी थानों के प्रभारी मौजूद रहे। इसके अलावा राजस्व विभाग के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द का माहौल बनाए रखने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाए।
बैठक के दौरान डीएम ने डीजे संचालकों को भी निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे सामान्य तरीके से बजाए जाएं और ध्वनि की तीव्रता निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए, ताकि आम लोगों को परेशानी न हो।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने भी पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। बैठक में अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर भी चर्चा की।









