उज्ज्वल रस्तोगी, मेरठ। महाराजा अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को बीएन गार्डन में ‘एक शाम महाराज अग्रसेन के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अग्रसेन सेवा ट्रस्ट की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में भजन संध्या, डांडिया और फूलों की होली ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया

सनातन रॉक बैंड ने ‘मीठे रस से भरयो री, राधा रानी लागे’, ‘मेरे बांके बिहारी लाल’ और ‘मेरी झोपड़ी के भाग आज खुल जाएंगे’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कार्यक्रम में करीब एक हजार किलो फूलों की पंखुड़ियों का इस्तेमाल किया गया।
ट्रस्ट अध्यक्ष ज्ञानेंद्र अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के आदर्शों को अपनाने और समाज में सेवा, सहयोग व भाईचारे की भावना मजबूत करने का संदेश दिया। महामंत्री गिरीश कुमार बंसल ने ‘एक ईंट, एक रुपया’ के सिद्धांत को सामाजिक समानता और एकता का प्रतीक बताया।
पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. सरोजिनी अग्रवाल ने कहा कि ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को संस्कृति और विरासत से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में भाजपा महानगर कोषाध्यक्ष अमित गर्ग समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश देकर संपन्न हुआ।









