मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शनिवार को मुरादाबाद पहुंचे। सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद डिप्टी सीएम जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया और भर्ती मरीजों से बातचीत कर उपचार संबंधी जानकारी हासिल की।
अस्पताल निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मरीजों से इलाज, दवाओं और अन्य सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने चिकित्सकों को निर्देश दिए कि मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद डिप्टी सीएम ने सीएमएस कार्यालय में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।
वहीं, मीडिया से बातचीत के दौरान बृजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने प्रदर्शन करने वालों की फंडिंग और उनके पीछे सक्रिय लोगों की भूमिका पर सवाल उठाए।
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि विपक्ष सरकार को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर जातिगत समीकरणों और मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति के सहारे वोट मांगने का आरोप भी लगाया।
उनके इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।
संवाददाता- आशुतोष मिश्रा









