झांसी। जिले के मऊरानीपुर तहसील क्षेत्र में धार्मिक आस्था और भक्ति का अनोखा मामला सामने आया है। ग्राम बुखारा स्थित प्रसिद्ध गौरैया माता मंदिर में एक महिला ने अपने शरीर पर जवारे उगाकर माता के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की है। महिला की इस अनोखी साधना को देखने के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, बुखारा गांव निवासी जानकी देवी पत्नी राजकुमार अहिरवार ने गौरैया माता के प्रति अपनी गहरी आस्था के चलते शरीर पर जवारे उगाए हैं। जानकी देवी का कहना है कि उन्हें सपने में गौरैया माता के दर्शन हुए थे। इसके बाद उन्होंने माता की आराधना करते हुए शरीर पर जवारे उगाने का संकल्प लिया और साधना शुरू कर दी।
महिला की इस अनोखी साधना की जानकारी मिलते ही आसपास के गांवों में चर्चा शुरू हो गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालु गौरैया माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। मंदिर परिसर में सुबह-शाम होने वाली आरती के दौरान माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है।
श्रद्धालु माता के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
गौरतलब है कि बुंदेलखंड क्षेत्र में देवी आराधना और जवारे उगाने की परंपरा का विशेष धार्मिक महत्व है। ऐसे में जानकी देवी की यह साधना स्थानीय लोगों के बीच आकर्षण और चर्चा का केंद्र बनी हुई है।









