मुखबिर की सूचना पर पति-पत्नी 3.1 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। बृजमनगंज पुलिस ने रविवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हड़ियाकोट-बनगड़िया मार्ग से गांजा लेकर जा रहे पति-पत्नी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल 3.100 किलोग्राम गांजा बरामद किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह मुखबिर ने क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीप शिखा वर्मा को सूचना दी कि एक पुरुष और महिला अलग-अलग झोले व बड़ी पन्नी में गांजा लेकर हड़ियाकोट से पैदल फरेंदा की ओर जा रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी ने बृजमनगंज पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हड़ियाकोट-बनगड़िया मार्ग पर मदारीपुर मोड़ से आगे जंगल के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद झोला और बड़ी पन्नी लेकर एक पुरुष और महिला आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने दोनों को रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उनकी पहचान होरीलाल जायसवाल (52) निवासी सिसहनिया, बंजरहा सोनबरसा और उसकी पत्नी चंद्रावती (42) के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो होरीलाल के झोले से 1.600 किलोग्राम और चंद्रावती के झोले से 1.500 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा होरीलाल के पास से एक मोबाइल फोन और 280 रुपये भी बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे गांजा बेचने के लिए फरेंदा जा रहे थे।

पुलिस ने दोनों को सुबह करीब 6:40 बजे हिरासत में लिया। एसआई तारकेश्वर वर्मा की तहरीर पर थाना बृजमनगंज में मुकदमा संख्या 238/2026 दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा, एसआई तारकेश्वर वर्मा, हेड कांस्टेबल आलोक कुमार, हृदय राम यादव, अखिलेश यादव तथा महिला आरक्षी पूजा सिंह और साक्षी गौतम शामिल रहीं।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]