महराजगंज। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत रविवार को थाना सोनौली पुलिस ने ग्राम हरदीडाली में बहु-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में गांव की महिलाओं और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
थाना सोनौली की पुलिस टीम में शामिल उपनिरीक्षक प्रिया तिवारी एवं महिला कांस्टेबल रीमा ने सम्मेलन के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों तथा शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी दी। पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस सेवाओं की जानकारी देते हुए साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए गए। साथ ही बालिकाओं को अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना परिजनों अथवा पुलिस को देने के लिए कहा गया।
पुलिस के अनुसार, आयोजित बहु-बेटी सम्मेलन में कुल 42 महिलाओं एवं बालिकाओं ने प्रतिभाग किया। मिशन शक्ति के तहत इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक एवं आत्मनिर्भर बनाना है।









