दशहरा मेले को लेकर बिजली विभाग अलर्ट, नीचे लटक रहे तारों को किया जा रहा दुरुस्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर । खड्डा नगर में आगामी दशहरा मेले और दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए बिजली विभाग भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सक्रिय हो गया है। विभाग की टीम नगर में बिजली के तारों और पोल की स्थिति का निरीक्षण करने के साथ ही जहां-जहां तार नीचे लटक रहे हैं, उन्हें ऊपर करने और पेड़ों से सटे तारों को व्यवस्थित करने में जुटी हुई है।

बिजली विभाग की टीम ने नगर के विभिन्न इलाकों में ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है, जहां बिजली के तार सड़क या सार्वजनिक रास्तों के काफी नीचे हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर बिजली के तार पेड़ों की टहनियों से सटे हुए हैं। इन स्थानों पर पेड़ों की छंटाई कराई जा रही है, ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।

इसी क्रम में नगर के वार्ड नंबर पांच में भी बिजली विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। यहां दुर्गा पूजा के लिए पंडाल सजाया जा रहा है। पंडाल के ठीक बगल में बिजली का तार पेड़ से सटा हुआ था। पूजा और दशहरा के दौरान इस स्थान पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए विभाग ने मौके को चिन्हित कर व्यवस्था को दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पेड़ की उन टहनियों की भी छंटाई की जा रही है, जो बिजली के तार के संपर्क में आ रही थीं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार के दौरान पंडालों, बाजारों और मेला क्षेत्रों में भीड़ काफी बढ़ जाती है। ऐसे में नीचे लटकते बिजली के तार और पेड़ों से सटे तार हादसे का कारण बन सकते हैं। समय रहते विभाग द्वारा इन स्थानों पर सुधार कार्य किए जाने से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।

बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा नगर के अन्य हिस्सों में भी निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी तारों से संबंधित समस्या मिल रही है, वहां आवश्यक सुधार कराया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि दशहरा और दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित माहौल के साथ बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जा सके।

त्योहार से पहले बिजली विभाग की इस सक्रियता से स्थानीय लोगों और पूजा समितियों ने राहत की सांस ली है। विभागीय अधिकारियों ने भी चिन्हित स्थानों पर जल्द से जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]