कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को नए आपराधिक कानूनों, महिला सुरक्षा, अधिकारों एवं सशक्तीकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। साथ ही महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।
पुलिसकर्मियों ने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने तथा इनके उन्मूलन में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए। पुलिस टीम ने कहा कि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसके अलावा महिला हेल्पलाइन 1090, 181, आपातकालीन सेवा 112 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में महिला उपनिरीक्षक ज्योति राय, महिला आरक्षी निशा कुमारी, आरक्षी वीरेंद्र यादव और आकाश भारती मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए ऐसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।









