महीनों से पानी में डूबा रास्ता, चार दिन से धरने पर ग्रामीण,शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान, ग्राम प्रधान की बेरुखी से ग्रामीणों में आक्रोश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), बुधवार। पड़ाव क्षेत्र के कटेसर गांव में जलनिकासी की समस्या अब ग्रामीणों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गई है। गांव के एक प्रमुख रास्ते पर पिछले कई महीनों से बारिश और सीवर का गंदा पानी जमा है। लगातार जलभराव के चलते रास्ता पूरी तरह पानी में डूब गया है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीण पिछले चार-पांच दिनों से धरने पर बैठे हैं।

धरने पर बैठे ग्रामीणों का कहना है कि जलनिकासी की समस्या को लेकर कई बार ग्राम प्रधान और जिला पंचायत के जिम्मेदारों से शिकायत की जा चुकी है। करीब दो महीने पहले उपजिलाधिकारी को भी लिखित शिकायत देकर जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराने की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बाद उन्हें केवल आश्वासन मिला, लेकिन मौके पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ग्रामीणों के मुताबिक, रास्ते पर गंदा पानी जमा होने के कारण बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों को मजबूरी में इसी गंदे पानी से होकर घरों से बाहर निकलना पड़ रहा है। जलभराव के कारण संक्रमण और बीमारी फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

धरने पर बैठे ग्रामीणों में ग्राम प्रधान नीलम देवी के प्रति भी नाराजगी दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से धरना चलने के बावजूद प्रधान मौके पर पहुंचकर उनकी समस्या जानने नहीं आईं। कुछ ग्रामीणों ने यादव बस्ती के साथ पक्षपात किए जाने का आरोप भी लगाया है, हालांकि इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द जलनिकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो वे आंदोलन को और व्यापक करने के लिए मजबूर होंगे।

 

अशोक कुमार जायसवाल

और पढ़ें

[the_ad id="164"]