महराजगंज। पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता एवं जन-संवाद अभियान के तहत मंगलवार, 1 सितंबर 2026 को जीएसवीएस इंटरमीडिएट कॉलेज, महराजगंज में ‘विद्यार्थी संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी (IPS) ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद किया।
एसपी ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन, लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन और बेहतर भविष्य के निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर उपयोगी टिप्स साझा किए तथा विद्यार्थियों को मेहनत, सकारात्मक सोच और निरंतर प्रयास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, महिला सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। एसपी ने छात्र-छात्राओं के विभिन्न सवालों के जवाब देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उन्हें नकारात्मकता से दूर रहकर अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण तथा अपने सपनों को साकार करने में लगाना चाहिए।
कार्यक्रम में कॉलेज प्रशासन, शिक्षकगण, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।









