पूर्णिमा पर बौद्ध अनुयायियों ने भिक्षुओं को अर्पित की सामग्री, विश्व शांति की कामना
कसया। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थली कुशीनगर स्थित म्यांमार बुद्ध विहार मंदिर परिसर में मंगलवार को भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर पिंड पात्र दान कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंदिर के मुख्य गेट पर हुए कार्यक्रम में बौद्ध अनुयायियों ने भिक्षुओं के पिंड पात्र में श्रद्धापूर्वक दान अर्पित किया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भिक्षुओं को भोजन और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री भी प्रदान की।

बौद्ध परंपरा में पिंड पात्र दान को भिक्षु संघ के प्रति श्रद्धा और सहयोग की महत्वपूर्ण परंपरा माना जाता है। पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में बौद्ध अनुयायियों ने धार्मिक आस्था के साथ सहभागिता की और भगवान बुद्ध के उपदेशों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विश्व शांति, मानव कल्याण और सभी प्राणियों के सुख-समृद्धि की कामना की गई।
कुशीनगर भगवान बुद्ध के महापरिनिर्वाण से जुड़ा प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थल है। यहां म्यांमार समेत विभिन्न देशों के बौद्ध मंदिर और विहार हैं तथा देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। जिला प्रशासन भी कुशीनगर को प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बौद्ध तीर्थस्थल के रूप में दर्ज करता है।आयोजक टीके राय ने सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में भंते नंदका, भंते यचिंदा, भंते अशोक, भंते सोंगक्रान, भंते जित्तिपोन, माताजी धम्मनैना, मोरिन राय, अभय सिंह और फूलबदन वाजिद सहित बौद्ध अनुयायी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।









