झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। प्रतिमा विसर्जित करते समय तीन युवक भारी मूर्ति के नीचे दब गए। पुलिसकर्मियों ने नदी में कूदकर दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन 23 वर्षीय बीबीए छात्र बलराम वर्मा की जान नहीं बच सकी। पुलिस ने उसे बाहर निकालकर सीपीआर दी और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के अठोदना गांव स्थित पहुंज नदी के डैम में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
प्रेमनगर नगरा के वार्ड नंबर 28, गुरुद्वारे के पास प्रतापपुरा से युवक गणेश प्रतिमा लेकर विसर्जन के लिए पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि चार युवक डैम से पहले पहुंज नदी में करीब 8 से 10 फीट गहरे गड्ढे में प्रतिमा विसर्जित कर रहे थे। इसी दौरान भारी प्रतिमा असंतुलित होकर तीन युवकों के ऊपर गिर गई।
हादसा होते ही रक्सा थाने में तैनात सिपाही वरुण कुंतल और अभय भारती वर्दी में ही नदी में कूद गए और दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
वहीं 23 वर्षीय बलराम वर्मा प्रतिमा के नीचे दब गया। पुलिसकर्मियों ने उसे बाहर निकाला और मौके पर सीपीआर दी। इसके बाद बलराम को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बलराम बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था और एसआर कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी/क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।









