बुलंदशहर। खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश लखन गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए खुर्जा के सूरजमल जटिया अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, खुर्जा पुलिस की टीम आरके फार्म हाउस के पीछे गंदे नाले के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखते ही बदमाश ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से लखन घायल हो गया।
पुलिस ने बदमाश के कब्जे से बाइक, तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, घायल लखन के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पूछताछ के दौरान बदमाश ने तीन दिन पहले लॉ छात्र अंकुर चौधरी के साथ हुई मारपीट की घटना में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस अब मामले में फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के पांच अन्य इनामी आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मुठभेड़ और बरामदगी को लेकर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री ने जानकारी दी।
रिपोर्ट—उदय यादव









