बिजली कटौती से ग्रामीण परेशान, 18 घंटे आपूर्ति के दावे पर उठे सवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एटा। निधौली कलां क्षेत्र के पिपहरा गांव में बिजली की अघोषित कटौती से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले करीब दो माह से गांव की बिजली व्यवस्था प्रभावित है और दिन-रात में 12 घंटे के दौरान महज तीन से चार घंटे ही बिजली आपूर्ति मिल पा रही है। कभी-कभी तो 12 घंटे में एक घंटे भी बिजली नहीं आने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है।

बताया गया कि गदनपुर फीडर से जुड़े करीब आठ गांव बिजली कटौती की समस्या से प्रभावित हैं। ग्रामीणों के अनुसार, बीते सात दिनों में दो ट्रांसफॉर्मरों में आग लग चुकी है। इसके बावजूद जर्जर केबल को नहीं बदले जाने का आरोप लगाया गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। भीषण गर्मी में लगातार बिजली कटौती के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जिलाधिकारी और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की जाएगी। वहीं, ग्रामीणों के आरोपों पर संबंधित विद्युत विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]