एटा। पिलुआ थाना क्षेत्र के भदुआ गांव के पास बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नगला बीच, थाना ढोलना निवासी राहुल वर्मा पुत्र साहब सिंह वर्मा बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान भदुआ गांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राहुल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि राहुल वर्मा कासगंज स्थित सुमंत कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।









