बिजनौर। नजीबाबाद तहसील क्षेत्र के अमीखानपुर गांव में मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पिता महेंद्रनाथ की जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, करीब 90 बीघा जमीन में से 26 बीघा भूमि पर दावा करने के लिए कथित फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाणपत्र का इस्तेमाल किया गया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, कमलनाथ की शिकायत पर नजीबाबाद थाने में धर्मपाल सिंह, जसबिंदर सिंह ढिल्लो, विजय शंकर पांडेय और हल्का लेखपाल डेविड कुमार समेत आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने धर्मपाल सिंह और विजय शंकर पांडेय को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि कथित मृत्यु प्रमाणपत्र में महेंद्रनाथ की मृत्यु वर्ष 2003 दर्शाई गई, जबकि शिकायत के अनुसार उनकी मृत्यु सितंबर 2004 में दिल्ली में हुई थी। इसी दस्तावेज के आधार पर जमीन पर दावा करने की कोशिश का आरोप है।
बिजनौर एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और दस्तावेजों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश के साथ जमीन से संबंधित राजस्व अभिलेखों की भी जांच कर रही है।









