बाराबंकी में चलती कार बनी आग का गोला, जिंदा जलकर चालक की दर्दनाक मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रिपोर्टर: रवेंद्र वर्मा
मोबाइल: 9793262646

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चलती कार में अचानक भीषण आग लगने से चालक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पूरा मामला बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र का है, जहां शनिवार सुबह प्यारेपुर सैदनपुर नहर के पास एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार आग की लपटों में घिर गई। बताया जा रहा है कि आग इतनी भीषण थी कि चालक कार से बाहर नहीं निकल सका और गाड़ी के अंदर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सफदरगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

वहीं, पुलिस ने मृतक चालक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल मृतक की पहचान और कार में आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

बाराबंकी की इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर चलती गाड़ियों में आग लगने से होने वाले हादसों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कार में आग कैसे लगी और चालक को बाहर निकलने का मौका क्यों नहीं मिला, इन सवालों के जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएंगे।

 रिपोर्टर_ रवेंद्र वर्मा  बाराबंकी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]