लोकेशन: एटा, उत्तर प्रदेश
जनपद: एटा
रिपोर्टर: करन प्रताप सिंह
मोबाइल: 9058560649, 8279698071
उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को पीछा कर दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, सात कारतूस, बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल और 2520 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूरा मामला थाना अलीगंज क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात करीब 11 बजकर 50 मिनट पर पुलिस टीम ग्राम नगला किस्स के पास एटा रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एटा की ओर से बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और कैल्ठा रोड की तरफ भागने लगे।
पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। भागते हुए आरोपी कैल्ठा रोड से ईदगाह मार्ग की ओर मुड़ गए और फिर कच्चे रास्ते पर बाइक दौड़ाने लगे। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामपाल उर्फ रामवीर और बिजेन्द्र उर्फ बागड़ी, दोनों निवासी कासगंज, के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी 25-25 हजार रुपये के इनामी और वांछित अभियुक्त थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, 315 बोर के चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर की एक अपाचे मोटरसाइकिल और 2520 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अलीगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात बताई है। अब पुलिस इनके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों की जानकारी जुटा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अलीगंज रुपेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह अलीगंज एटा
फिलहाल अलीगंज पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दोनों इनामी बदमाश गिरफ्त में हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और आरोपियों से जुड़ी अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोटर_ करन प्रताप सिंह









