पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), गुरुवार। सुजाबाद के बहादुरपुर भूपौली मुख्य मार्ग पर करीब 10 से 12 फीट गहरा गड्ढा पिछले दो महीनों से लोगों के लिए जानलेवा खतरा बना हुआ है। गड्ढे में पानी भरा होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को इसकी गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता। गुरुवार को स्थानीय युवक पंकज कुमार यादव पानी से भरे गड्ढे में उतरकर धरने पर बैठ गए।
इस दौरान लोगों ने नगर निगम और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे पंकज कुमार यादव ने बताया कि पड़ाव से बहादुरपुर भूपौली जाने वाला यह मुख्य मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन करीब 10 से 15 स्कूली बसों का आवागमन होता है। ऐसे में सड़क पर बना गहरा गड्ढा किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। उन्होंने कहा कि गड्ढे के नीचे जल निगम की पाइपलाइन बिछी है, जो लंबे समय से लीकेज है।
पाइपलाइन से गंदा पानी क्षेत्र के घरों में पहुंच रहा है, जिससे बच्चों के बीमार होने की शिकायत सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समस्या के संबंध में संबंधित अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पहले जल निगम की लीकेज पाइपलाइन को दुरुस्त कराया जाए और इसके बाद गड्ढे को भरकर सड़क की मरम्मत कराई जाए।
पंकज यादव ने चेतावनी दी कि शनिवार तक पाइपलाइन की मरम्मत और गड्ढे का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासी बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। लोगों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
अशोक कुमार जायसवाल,









