बहराइच: गांव में तैयार हुई डिजिटल लाइब्रेरी, विद्यार्थियों को मिल रही शहर जैसी पढ़ाई की सुविधा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बहराइच। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर विकसित की जा रही डिजिटल लाइब्रेरी अब पढ़ाई का नया केंद्र बन रही हैं। महसी तहसील के तेजवापुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत खसहा मोहम्मदपुर में डिजिटल लाइब्रेरी तैयार की गई है, जहां विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं समेत विभिन्न शैक्षिक तैयारियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर, प्रिंटर, हाई-स्पीड इंटरनेट और वाई-फाई की सुविधा के साथ स्मार्ट टीवी और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके अलावा प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पुस्तकों के साथ नेशनल बुक ट्रस्ट की किताबें भी उपलब्ध कराई गई हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को पढ़ाई और ई-लर्निंग के लिए गांव में ही डिजिटल संसाधन उपलब्ध हो रहे हैं।

लाइब्रेरी में पढ़ाई करने पहुंचे विद्यार्थियों और युवाओं ने इस पहल को उपयोगी बताया। उनका कहना है कि पहले प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और डिजिटल अध्ययन सामग्री के लिए शहर का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब गांव में ही कंप्यूटर, इंटरनेट और किताबों जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।

अभिभावकों ने भी ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल लाइब्रेरी शुरू किए जाने को विद्यार्थियों के लिए सुविधाजनक बताया। पंचायत राज विभाग के अधिकारियों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, लाइब्रेरी का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]