बस की चपेट में आने से ढाई साल के मासूम की मौत, मां गंभीर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र में ठूठीबारी-निचलौल मार्ग पर गड़ौरा पुलिस पिकेट के पास शनिवार शाम रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में उनके करीब ढाई वर्षीय बेटे अयांश मद्धेशिया की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार धर्मौली टोला निवासी अनिल मद्धेशिया अपनी पत्नी गुड़िया और बेटे अयांश के साथ बाइक से गोरखपुर से दवा कराकर घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि गड़ौरा पिकेट के पास उनकी बाइक रोडवेज बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि अनिल और गुड़िया सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अयांश की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल दंपती को सीएचसी निचलौल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार गुड़िया की हालत नाजुक बनी हुई है।

सूचना मिलने पर ठूठीबारी पुलिस मौके पर पहुंची और बस को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने बस चालक अखिलेश मुनि त्रिपाठी और परिचालक को कोतवाली ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]