गन्ना आवंटन को लेकर किसानों में नाराजगी, आईपीएल चीनी मिल खड्डा को गन्ना सेंटर लौटाने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

खड्डा। कुशीनगर जनपद के खड्डा तहसील क्षेत्र में गन्ना आवंटन को लेकर किसानों की नाराजगी सामने आई है। गन्ना किसानों ने गड़उरा चीनी मिल को गन्ना आवंटित किए जाने का विरोध करते हुए मांग की है कि खड्डा क्षेत्र का गन्ना दोबारा आईपीएल चीनी मिल खड्डा को ही उपलब्ध कराया जाए। किसानों की यह मांग शनिवार को आयोजित सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड खड्डा की बैठक में प्रमुखता से उठी।

बैठक का शुभारंभ कुशीनगर सांसद विजय कुमार दुबे, खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय और बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। बैठक में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और चीनी मिल से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में केन यूनियन के चेयरमैन सुप्रियमय मालवीय ने किसानों की समस्याओं को जनप्रतिनिधियों के सामने रखा। उन्होंने बताया कि किसानों की मांग पर आईपीएल चीनी मिल खड्डा ने पिछले वर्ष अपनी पेराई क्षमता बढ़ाई थी। इसके बावजूद गन्ना क्षेत्र आवंटन प्रक्रिया के तहत खड्डा क्षेत्र के गन्ने का कुछ हिस्सा गड़उरा चीनी मिल को आवंटित किए जाने से किसान नाराज हैं।

किसानों का आरोप है कि गड़उरा चीनी मिल पर पिछले पेराई सत्र का भुगतान अभी भी बकाया है। किसानों ने स्पष्ट किया कि वे किसी भी कीमत पर अपने क्षेत्र का गन्ना गड़उरा चीनी मिल को नहीं देना चाहते। किसानों ने मांग की कि नदी पार सहित खड्डा क्षेत्र का गन्ना स्थानीय आईपीएल चीनी मिल खड्डा को ही आवंटित किया जाए।

बैठक में किसानों ने गन्ने की उत्पादन लागत बढ़ने का मुद्दा भी उठाया। किसानों ने गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग की। इसके अलावा ड्रोन मशीन, केन हार्वेस्टर, किसान भवन का निर्माण, पुराने गोदाम की मरम्मत और किसानों को कम कीमत पर कृषि उपकरण उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

किसानों ने कहा कि बढ़ती लागत के कारण खेती करना लगातार महंगा होता जा रहा है। ऐसे में समय पर भुगतान, उचित गन्ना मूल्य और कृषि उपकरणों की उपलब्धता किसानों के लिए महत्वपूर्ण है।

सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक विवेकानंद पांडेय और राजेश्वर सिंह ने किसानों को उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने और समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. नीलेश मिश्र ने भी किसानों की समस्याओं और आईपीएल चीनी मिल की भूमिका पर चर्चा की।

बैठक में भाजपा नेता मनोज जायसवाल, आनंद तिवारी, चीनी मिल प्रबंधक एनपी सिंह समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]