मैनपुरी। मैनपुरी के पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम की वर्तमान स्थिति को लेकर मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव ने जिलाधिकारी मैनपुरी को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। 19 सितंबर 2026 को भेजे गए पत्र में सांसद ने स्टेडियम की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए मैदान को जल्द पूर्व स्थिति में लाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को देने का आग्रह किया है।

पत्र में डिंपल यादव ने कहा है कि 26 जुलाई को एक कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान स्टेडियम के मैदान में खुदाई समेत अन्य कार्य कराए गए थे। इसके बाद करीब दो माह बीत जाने के बावजूद मैदान को अब तक व्यवस्थित नहीं किया गया है। इससे स्टेडियम में अभ्यास और खेल गतिविधियों के लिए आने वाले खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सांसद ने विशेष रूप से सेना एवं पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की समस्या का उल्लेख किया है। इसके अलावा प्रतिदिन स्टेडियम में टहलने आने वाली महिलाओं और बुजुर्गों को भी असुविधा होने की बात कही गई है।

डिंपल यादव ने जिलाधिकारी से स्टेडियम का तत्काल निरीक्षण कराने और मैदान को पूर्व स्थिति में लाने के लिए सभी आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को देने की अपेक्षा की है। उन्होंने इस संबंध में की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराने का भी अनुरोध किया है।
पंडित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम मैनपुरी में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए उपयोग होता रहा है।









