कुशीनगर ;सुकरौली क्षेत्र में रविवार की रात फोरलेन पार करते समय एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब आठ बजे 36 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान धर्मपाल सिंह, उम्र 36 वर्ष, पुत्र रामसूरत सिंह, निवासी महादनपुर सिहुलिया, थाना कोतवाली हाटा के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घायल युवक के स्वजन को भी हादसे की सूचना दी। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है।









