फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। शमशाबाद रेलवे स्टेशन के समीप मंझना गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर बाइक, पीतल का सामान और नगदी चोरी कर ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, मकान मालिक राजबहादुर पारिवारिक विवाद के चलते अपने परिजनों के साथ किराए के मकान में रह रहे थे। इसी वजह से उनका पुराना मकान काफी समय से बंद था। सुबह राजबहादुर की पुत्री पूनम स्कूल जाने के लिए घर पहुंची तो मकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था और घर से बाइक, करीब 14 से 15 किलो पीतल के बर्तन व अन्य सामान के साथ 10 हजार रुपये की नगदी गायब थी।
पूनम ने तत्काल घटना की जानकारी परिजनों, पड़ोसियों और पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।









