महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बृजमनगंज वार्ड नंबर-16 निवासी जवाहर चौरसिया पुत्र ज्ञानेन्द्र बहादुर ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर एक महिला पर उनके और विवेक चौहान पुत्र सीताराम के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायती पत्र में जवाहर चौरसिया ने आरोप लगाया कि महुलानी टोला ओलीनगर निवासी कुसुम प्रजापति पत्नी गौरीशंकर ने 2 सितंबर 2026 को विभिन्न धाराओं में उनके तथा विवेक चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि 28 अगस्त को जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज और मोबाइल पर टिप्पणी करने के मामले में बीएनएस की धारा 79, 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया, जबकि शिकायतकर्ता के अनुसार लगाए गए आरोप गलत हैं।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए संबंधित मोबाइल नंबरों की सीडीआर निकलवाकर जांच कराई जाए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बृजमनगंज पुलिस द्वारा उन पर थाने आने और दबाव बनाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 6 सितंबर को विवेक चौहान थाने पहुंचे थे, जहां संबंधित महिला को बुलाए जाने के बाद कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। शिकायतकर्ता ने पूरे प्रकरण को साजिश बताते हुए निष्पक्ष जांच कर संबंधित महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।








