फतेहपुर। कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े घरों में चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 5 सितंबर को जेल रोड चौकी क्षेत्र और 16 सितंबर को लखनऊ बाईपास क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों घटनाओं में चोरी का तरीका एक जैसा पाया गया।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और टोल प्लाजा से मिली जानकारी के आधार पर वारदात में इस्तेमाल Kia Carens कार को ट्रेस किया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को गिरोह के अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय होने की जानकारी मिली।
सीओ सिटी गौरव शर्मा के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस, सर्विलांस और क्राइम डिटेक्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल कार बरामद की है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में हुई दोनों चोरी की घटनाओं में चोरी किए गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। आरोपियों की सीडीआर जांच में उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा मध्य प्रदेश के भोपाल और दमोह में भी उनकी लोकेशन सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश के दमोह जिले में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। वहां से चोरी किए गए कुछ सामान की भी बरामदगी हुई है। मामले की जानकारी संबंधित पुलिस को दे दी गई है और आगे की पूछताछ एवं कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट— शिवम् अवस्थी, फतेहपुर









