पोखरे की चपेट में आ रही पक्की सड़क, ग्रामीणों में दहशत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भैया फरेंदा/महराजगंज। लगातार हो रही बारिश के चलते गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े लिंक मार्ग से उदितपुर, रामधनपुर, केशवली सहित अन्य गांवों को जोड़ने वाली पक्की सड़क पर कटान का खतरा बढ़ गया है। सड़क के किनारे स्थित पोखरे में जलस्तर बढ़ने और मिट्टी कटने से सड़क का हिस्सा भी प्रभावित होने लगा है। इससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

ग्रामीणों के अनुसार लगातार बारिश के कारण पोखरे में पानी का जलस्तर काफी बढ़ गया है। पानी सड़क के किनारे तक पहुंचने के साथ मिट्टी का कटान भी शुरू हो गया है। ग्रामीण रामकुमार कन्नौजिया, मंगरू चौरसिया, बुद्धीराम चौरसिया, रामू, समशुद्दीन सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क का किनारा लगातार कमजोर हो रहा है। यदि समय रहते सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो सड़क का बड़ा हिस्सा पोखरे की चपेट में आ सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से क्षेत्र की हजारों आबादी का आवागमन होता है। सड़क के दक्षिणी ओर आधा दर्जन से अधिक पक्के मकान भी स्थित हैं। कटान बढ़ने पर न केवल आवागमन प्रभावित होने की आशंका है, बल्कि आसपास बने मकानों पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग से गुजरते समय लोगों में हादसे की आशंका बनी रहती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पोखरे की ओर सड़क किनारे पक्की सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाए, जिससे सड़क को कटान से बचाया जा सके और आवागमन सुरक्षित रहे। साथ ही उच्च अधिकारियों से मौके का स्थलीय निरीक्षण कर तत्काल प्रभावी व्यवस्था कराने की मांग की गई है।

वहीं, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए सड़क के किनारे स्थित पोखरे के बीच पक्की सुरक्षा दीवार का निर्माण कराए जाने के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराएगा।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]