पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि, एसएसपी ने अर्पित किया पुष्पचक्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित हुआ कार्यक्रम, एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने शहीद पुलिसकर्मियों के बलिदान को किया नमन

लखीमपुर खीरी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन खीरी स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग ने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीद पुलिसकर्मियों को पुष्पचक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग ने पुलिस स्मृति दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आमजन की रक्षा के लिए पुलिसकर्मियों का योगदान अतुलनीय है। उन्होंने पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के संदेश से उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अवगत कराया।

एसएसपी ने शहीद पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए कहा कि उनका त्याग पुलिस विभाग के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से शहीद जवानों के आदर्शों पर चलने और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रमुख दायित्व समाज में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करना चाहिए।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सहित रिजर्व पुलिस लाइन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने शहीद पुलिसकर्मियों को नमन किया।

 

रिपोर्ट – मुनीष वर्मा, लखीमपुर खीरी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]