पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। रविवार को चंदौली पुलिस ने अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया। अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सिंघीताली पुल के पास चेकिंग के दौरान एक कंटेनर ट्रक से पुट्टी की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार ट्रक से 775 पेटी यानी करीब 6,935 लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये है। मामले में पांच तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर ट्रक और ब्रेजा कार भी कब्जे में ली है।
पुलिस के मुताबिक, बीती रात बनारस की ओर से कंटेनर ट्रक में अवैध अंग्रेजी शराब बिहार ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर कटरिया-सिंघीताली पुल के पास टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने खुद को बचाते हुए ट्रक को घेरकर रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में ऊपर करीब 70 बोरी जेके सुपर सीमेंट/वाल पुट्टी लदी मिलीं। इन्हीं बोरियों के पीछे शराब छिपाकर रखी गई थी।
बरामद शराब में इंपीरियल ब्लू, रॉयल स्टैग और मैकडॉवेल ब्रांड की कुल 775 पेटियां शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बोतलों पर ‘FOR SALE IN UT CHANDIGARH ONLY’ लिखा था, जबकि कई बोतलों के बारकोड खुरचे हुए मिले।
आगे चल रही थी ब्रेजा कार
ट्रक से गुलाम मुस्तफा निवासी छपरा (बिहार), शेख खालिद निवासी केंद्रपाड़ा (ओडिशा) और साबिर आलम निवासी गया (बिहार) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ट्रक से करीब 500 मीटर आगे एक काले रंग की ब्रेजा कार चल रही थी। कार सवार लोग रास्ते में पुलिस की लोकेशन ट्रक सवारों को दे रहे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस ने आगे चल रही ब्रेजा कार को घेरकर उसमें सवार रजाउद्दीन निवासी झारखंड और ओम चिनमय पंडा निवासी नयागढ़ (ओडिशा) को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब दिल्ली से लोड कर बिहार ले जाई जा रही थी, जहां शराबबंदी के कारण इसे ऊंचे दामों पर बेचने की योजना थी।
सीओ बोले- पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही
सीओ पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अलीनगर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब निर्मित अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। उन्होंने बताया कि पुट्टी की बोरियों के पीछे छिपाकर करीब 775 पेटी शराब ले जाई जा रही थी, जिसकी मात्रा करीब सात हजार लीटर और अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये है।
उन्होंने बताया कि ट्रक से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आगे चल रही ब्रेजा कार की जानकारी मिली। कार की जांच करने पर उसमें सवार दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। सीओ के अनुसार, आरोपी शराब को बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की बात बता रहे हैं। शराब कहां से लाई गई, कहां पहुंचाई जानी थी और गिरोह में इनके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पांचों आरोपियों के खिलाफ अलीनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह, स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव और सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
अशोक कुमार जायसवाल









