महराजगंज। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ जिले के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनपद में ‘जन-जन तक सौर ऊर्जा, हर घर में उजाला’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश नेडा एवं डिस्कॉम के सहयोग से सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर के माध्यम से नागरिकों को रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने के फायदे, पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
विकास भवन परिसर, महराजगंज में 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर 2026 तक सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया है। शिविर में पहुंचने वाले नागरिकों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों एवं संबंधित विभाग के प्रतिनिधियों द्वारा लोगों को सौर ऊर्जा के उपयोग से होने वाले लाभ, रूफटॉप सोलर संयंत्र की स्थापना तथा योजना के तहत आवेदन करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया जाएगा।
जिला प्रशासन की ओर से योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय प्रशासनिक चैनलों, डिजिटल माध्यमों और सामुदायिक आउटरीच के जरिए भी जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ना और योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में विकास भवन परिसर में आयोजित सेवा सेतु शिविर में पहुंचकर योजना की जानकारी प्राप्त करें और पात्रता के अनुसार प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाएं।









